प्रेस विज्ञप्ति
एनडीआरएफ ने माउंट जोंगसोंग के लिए 4वें पर्वतारोहण अभियान–“शिखर” का माननीय मुख्यमंत्री श्री प्रेम सिंह तमांग द्वारा फ्लैग ऑफ
सिक्किम, 04 सितंबर 2026: राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के माउंट जोंगसोंग (7,462 मीटर) के लिए बल स्तरीय 4वें पर्वतारोहण अभियान–“शिखर” का आज माननीय मुख्यमंत्री, सिक्किम श्री प्रेम सिंह तमांग द्वारा फ्लैग-ऑफ कर औपचारिक शुभारंभ किया गया।
यह पर्वतारोहण अभियान 04 सितंबर से 11 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। अभियान दल में कुल 41 सदस्य हैं तथा यह दल माउंट जोंगसोंग शिखर के आरोहण का प्रयास करेगा, जिसकी ऊंचाई 7,462 मीटर है। यह अभियान दल के पर्वतारोहण कौशल, परिचालन तत्परता, शारीरिक एवं मानसिक सहनशक्ति, साहस, अनुशासन, दृढ़ संकल्प तथा टीम भावना की कठिन परीक्षा होगी।
फ्लैग-ऑफ समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि माननीय मुख्यमंत्री श्री प्रेम सिंह तमांग (गोले) ने एनडीआरएफ के इस साहसिक एवं चुनौतीपूर्ण अभियान के लिए अभियान दल को शुभकामनाएं दीं I माननीय मुख्यमंत्री ने वर्ष 2011 में सिक्किम में आए विनाशकारी भूकंप को स्मरण करते हुए कहा कि उस कठिन एवं चुनौतीपूर्ण समय में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) ने त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए अपने बचाव एवं राहत अभियानों के माध्यम से सिक्किम के लोगों को महत्वपूर्ण सहायता प्रदान की। NDRF के जवानों ने विषम परिस्थितियों के बावजूद पूरी तत्परता, साहस एवं समर्पण के साथ राहत और बचाव कार्यों को अंजाम दिया। उन्होंने वर्ष 2023 में आई ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF) आपदा का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान भी NDRF के बचावकर्मियों ने अत्यंत दुर्गम एवं ऊँचाई वाले क्षेत्रों तक पहुँचकर प्रभावित समुदायों को आवश्यक सहायता एवं राहत उपलब्ध कराई। विषम भौगोलिक परिस्थितियों में NDRF की तत्परता और साहस सराहनीय रहा। माननीय मुख्यमंत्री ने हाल ही में किए गए टनल ऑपरेशन का भी उल्लेख करते हुए NDRF के समर्पित बचावकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे चुनौतीपूर्ण अभियानों में NDRF द्वारा प्रदर्शित व्यावसायिक दक्षता, साहस और समर्पण अत्यंत प्रशंसनीय है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी सिक्किम सरकार और NDRF के बीच इसी प्रकार के बेहतर समन्वय, सहयोग और आपसी विश्वास के साथ कार्य किया जाता रहेगा, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके तथा आपदाओं से होने वाले जान-माल के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके। माननीय मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में NDRF द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना करते हुए बल के सभी बचावकर्मियों के प्रति धन्यवाद एवं शुभकामनाएँ व्यक्त कीं। इस अवसर पर श्री रविंद्र तेलंग, IAS, मुख्य सचिव, सिक्किम; श्री अक्षय सचदेवा, IPS, पुलिस महानिदेशक, सिक्किम पुलिस; श्री पीयूष आनंद, महानिदेशक, NDRF; श्री हरिओम गांधी, उप महानिरीक्षक, NDRF; श्री रिनजिंग छेवांग भूटिया, IAS, राहत आयुक्त, सिक्किम; तथा श्री मनीष रंजन, कमांडेंट, 02 बटालियन NDRF, सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति एवं अभियान दल के सदस्य उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि के स्वागत के साथ हुआ। इसके पश्चात अभियान दल के साथ Group photography तथा उपकरण प्रदर्शनी (Equipment Gallery) का अवलोकन किया गया, जिसमें कठिन एवं चुनौतीपूर्ण पर्वतीय बचाव अभियानों के लिए एनडीआरएफ द्वारा उपयोग किए जाने वाले विशेष उपकरणों एवं संसाधनों को प्रदर्शित किया गया।
समारोह में राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान के साथ औपचारिक कार्यक्रम का आगाज़ हुआ। महानिदेशक, NDRF श्री पीयूष आनंद, IPS द्वारा गणमान्य अतिथियों को पौधे भेंट किए गए तथा स्वागत संबोधन दिया गया। इसके बाद उप महानिरीक्षक (प्रशिक्षण), NDRF द्वारा एनडीआरएफ की क्षमताओं, तैयारियों एवं आपदा प्रतिक्रिया के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाने वाली प्रस्तुति एवं वीडियो प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण 12 आपदा मित्र स्वयंसेवकों का माननीय मुख्यमंत्री द्वारा सम्मान रहा। यह सम्मान समुदाय आधारित आपदा प्रबंधन एवं जन-जागरूकता को मजबूत करने में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना के रूप में प्रदान किया गया।
अभियान के टीम कमांडर श्री नीतिश शर्मा, उप कमांडेंट, NDRF ने उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों एवं अधिकारियों को अभियान के उद्देश्य, मिशन तथा दल की तैयारियों के बारे में जानकारी दी। इसके पश्चात माननीय मुख्यमंत्री द्वारा अभियान ध्वज टीम कमांडर को सौंपे जाने के साथ “शिखर” अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में एनडीआरएफ कर्मियों एवं स्कूली बच्चों द्वारा आपदा प्रबंधन पर एक आकर्षक प्रदर्शन भी प्रस्तुत किया गया। इसके बाद माननीय मुख्यमंत्री ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में अभियान दल को शुभकामनाएं दीं।
इससे पूर्व एनडीआरएफ द्वारा तीन सफल पर्वतारोहण अभियानों का आयोजन किया जा चुका है। इनमें अभियान “साहस” Bhagirathi-II चोटी पर (उत्तराखंड) वर्ष 2023 में, अभियान “विजय”, Manirang चोटी पर (हिमाचल प्रदेश) वर्ष 2024 में तथा अभियान “शौर्य” Kedar Dome चोटी पर (उत्तराखंड) वर्ष 2025 में आयोजित किया गया।
पर्वतारोहण अभियान–“शिखर”–2026 एनडीआरएफ के आदर्श वाक्य “आपदा सेवा सदैव सर्वत्र” की भावना को प्रतिबिंबित करता है। यह अभियान न केवल साहस, दृढ़ता, अनुशासन एवं उत्कृष्टता का प्रतीक है, बल्कि चुनौतीपूर्ण उच्च-ऊंचाई वाले क्षेत्रों में प्रभावी एवं सुरक्षित ढंग से कार्य करने की एनडीआरएफ की क्षमता, परिचालन (Ops) तैयारियों एवं आपदा प्रतिक्रिया दक्षता को और सुदृढ़ करेगा।












